नई IRCTC वेबसाइट में तेज टिकट बुकिंग, फेयर कैलेंडर और पसंदीदा सीट जैसी सुविधाएं मिलेंगी

नई IRCTC वेबसाइट में तेज टिकट बुकिंग, फेयर कैलेंडर और पसंदीदा सीट जैसी सुविधाएं मिलेंगी

भारतीय रेलवे यात्रियों के ऑनलाइन टिकट बुकिंग अनुभव को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आईआरसीटीसी वेबसाइट का नया संस्करण लॉन्च करने जा रहा है। रेलवे मंत्रालय के अनुसार नए प्लेटफॉर्म में अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे वेबसाइट पहले की तुलना में अधिक तेज, सक्षम और उपयोगकर्ता अनुकूल होगी। नई प्रणाली के तहत टिकट बुकिंग क्षमता को प्रति मिनट 32 हजार टिकटों से बढ़ाकर 1.5 लाख से अधिक टिकट प्रति मिनट कर दिया गया है। वहीं पीएनआर और ट्रेन पूछताछ की क्षमता भी प्रति मिनट 4 लाख से बढ़ाकर 40 लाख से अधिक कर दी गई है। इससे विशेष रूप से तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान वेबसाइट पर आने वाले भारी ट्रैफिक को बेहतर ढंग से संभाला जा सकेगा। रेलवे मंत्रालय ने बताया कि नई वेबसाइट में पेज तेजी से लोड होंगे और नेविगेशन पहले की तुलना में अधिक सहज होगा। उपयोगकर्ताओं को अनावश्यक कैप्चा, बार-बार आने वाले पॉप-अप और ध्यान भटकाने वाले ग्राफिक्स से भी राहत मिलेगी, जिससे टिकट बुकिंग प्रक्रिया अधिक सरल और तेज बनेगी। इसके अलावा यात्रियों को टिकट बुकिंग के दौरान अपनी पसंद की सीट या बर्थ चुनने का विकल्प भी मिलेगा। नए फेयर कैलेंडर फीचर के माध्यम से विभिन्न तिथियों के किराए की तुलना करना आसान होगा, जिससे यात्री अपनी सुविधा और बजट के अनुसार यात्रा की योजना बना सकेंगे। वेबसाइट को बहुभाषी इंटरफेस के साथ तैयार किया गया है, ताकि विभिन्न भाषाओं के उपयोगकर्ताओं को बेहतर अनुभव मिल सके। दिव्यांगजन, छात्रों और मरीजों के लिए उपलब्ध विशेष सुविधाओं को भी एकीकृत मंच पर उपलब्ध कराया गया है। रेलवे मंत्रालय के अनुसार नई आरक्षण प्रणाली को पहले की तुलना में दस गुना अधिक ट्रैफिक संभालने के लिए विकसित किया गया है। वेबसाइट के साथ-साथ ये सभी उन्नत सुविधाएं रेलवन एप पर भी उपलब्ध कराई जाएंगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह तकनीकी उन्नयन भारतीय रेलवे की डिजिटल सेवाओं को अधिक विश्वसनीय, तेज और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

by Dainikshamtak on | 2026-07-14 00:18:30

Related Post