मणिपुर के चार जिलों में 109 हथियार सरेंडर, सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता

मणिपुर के चार जिलों में 109 हथियार सरेंडर, सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता


इंफाल । मणिपुर में जारी अशांति के बीच सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। राज्य के चार जिलों कांगपोकपी, बिष्णुपुर, इंफाल वेस्ट और इंफाल ईस्ट के स्थानीय लोगों ने कुल 109 हथियार और बड़ी मात्रा में गोला-बारूद सुरक्षा बलों को सरेंडर किए हैं।

कांगपोकपी जिले के सैकुल पुलिस स्टेशन में स्थानीय लोगों ने 9 एमएम पिस्टल, ग्रेनेड, कारतूस और दो वायरलेस सेट जमा कराए। पुलिस और प्रशासन ने इसे शांति की दिशा में बड़ा कदम बताया है।

बिष्णुपुर जिले के फौगाकचाओ इखाई पुलिस स्टेशन में भी लोगों ने अवैध हथियारों का आत्मसमर्पण किया। प्रशासन का कहना है कि इससे जिले में कानून व्यवस्था को बहाल करने में मदद मिलेगी और हालिया हिंसक घटनाओं पर रोक लगेगी। मणिपुर की राजधानी क्षेत्र इंफाल वेस्ट और इंफाल ईस्ट में भी हथियारों का सरेंडर अभियान तेज हो गया है। इंफाल वेस्ट और इंफाल ईस्ट जिलों में कई लोगों ने अवैध हथियार सुरक्षा बलों को सौंपे हैं।

मणिपुर सरकार और सुरक्षा बलों की अपील के बाद लोग स्वेच्छा से हथियार सरेंडर कर रहे हैं। सरकार ने पहले ही अवैध हथियारों को जमा करने के लिए अभियान शुरू किया था। इसके तहत हथियार रखने वालों से शांति बनाए रखने के लिए उन्हें सरेंडर करने की अपील की गई थी। हथियार सरेंडर अभियान से मणिपुर में शांति और स्थिरता लौटने में मदद मिलेगी। राज्य प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां इसे सकारात्मक कदम मान रही हैं। 



by Dainik Shamtak on | 2025-02-28 14:40:31

Related Post